द्वितीय खंड — मूल पंक्तियाँ
“थपकी दे दे जिसे सुलाया
जिसके लिए लोरियाँ गाई,
जिसके मुख पर जरा मलिनता
देख आँख में रात बिताई ।
जिसके लिए भूल अपनापन
पत्थर को भी देव बनाया
कहीं नारियल, दूध, बताशे
कहीं चढ़ाकर शीश नवाया ।”
संदर्भ: प्रस्तुत पंक्तियाँ ‘पुत्र वियोग’
शोकगीति के द्वितीय खंड से संकलित हैं।
प्रसंग: कवयित्री माँ यहाँ अपने पुत्र के जीवनकाल
में उसके लिए किए गए सेवा-सत्कार की स्मृतियों को याद कर रही हैं।
व्याख्या: कवयित्री कहती हैं — ‘जिसे मैंने थपकी
दे-देकर सुलाया, जिसके लिए लोरियाँ गाईं, जिसके मुख पर जरा-सी
मलिनता (उदासी/बीमारी) देखकर मैंने आँखों में रात बिताई (जागकर
बिताई) — उस पुत्र के लिए मैंने अपनापन तक भुलाकर पत्थर को भी देव
बनाया, कहीं नारियल, दूध, बताशे चढ़ाकर और कहीं शीश नवाकर मन्नतें
माँगीं।’ ये सब स्मृतियाँ माँ के हृदय की गहन ममता एवं त्याग को
प्रकट करती हैं।
विशेष: ‘पत्थर को भी देव बनाया’ — माँ की विवशता
एवं अंधविश्वास का यथार्थ चित्रण; ‘आँख में रात बिताई’ — माँ की
चिंता एवं जागरण का प्रतीक; ‘नारियल, दूध, बताशे’ — मन्नतों का
मार्मिक चित्रण।